रविवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बारिश के बावजूद भी श्रद्धालुओं में गंगा और यमुना के दर्शन को लेकर उत्साह देखने को मिला। यात्री बारिश के बावजूद भी लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वहीं 11 मई तक प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार दो लाख से अधिक श्रद्धालु गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं।
Trending Videos
रविवार को जनपद मुख्यालय और निचले इलाकों में दोपहर बाद बारिश हुई। लेकिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह से ही बारिश जारी रही। गंगा पुरोहित सभा के सचिव माधव सेमवाल और राजेश सेमवाल ने बताया कि बारिश के कारण गंगोत्री धाम में तामपान में गिरावट आने के कारण ठंड बढ़ गई थी। लेकिन उसके बाद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं आई और गंगा स्नान के बाद गंगा जी के दर्शन के लिए बारिश के बीच अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
राजेश सेमवाल ने बताया कि पिछले दो तीन दिनों से धाम में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर भी श्रद्धालु पांच किमी की पैदल यात्रा पर पूरे जोश के साथ पूरी कर रहे हैं। प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार 11 मई तक यमुनोत्री धाम में कुल 112507 और गंगोत्री धाम में 94251 सहित कुल 206758 यात्री दर्शन कर चुके हैं।